भोपाल। खेती करते समय एक छोटी सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है। ट्रैक्टर पलटना, बिजली का करंट लगना, कीटनाशक छिड़काव के दौरान जहर लगना या कुआं खोदते समय हादसा होना जैसी घटनाएं हर साल किसानों और खेतिहर मजदूरों के परिवार उजाड़ देती हैं। ऐसे परिवारों को आर्थिक सहारा देने के लिए मध्य प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना चला रही है। यह किसानों के लिए एक तरह का दुर्घटना बीमा है, जिसका कोई प्रीमियम नहीं देना है।
मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना: किसे मिलेगा लाभ
इस मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना का मकसद है खेती के दौरान हुई दुर्घटना में परिवार को आर्थिक संकट से बचाना। किसानों को दुर्घटना में मृत्यु होने की स्थिति में उनके परिवार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मिलती है। वहीं स्थायी अपंगता यानी दोनों हाथ, पैर या आंख खराब होने पर एक लाख रुपए की आंशिक मदद सरकार करती है। अस्थायी अपंगता यानी एक हाथ, एक पैर या एक आंख को क्षति होने पर 25,000 से ₹50,000 तक की आर्थिक सहायता दी जाती है। जबकि मृतक के अंतिम संस्कार के लिए मदद के रूप में चार से दस हजार की राशि का भी प्रावधान किया गया है।
हितग्राही के लिए प्रावधान
योजना के तहत मध्य प्रदेश के किसान और उनके परिजनों के अलावा खेतिहर मजदूर हितग्राही हैं। सरकार द्वारा खेत में कृषि यंत्र चलाते समय, बिजली का करंट लगने, कुआं, बोरवेल या ट्यूबवेल खोदते समय या खेत में दवा या कीटनाशक के छिड़काव के दौरान विषाक्त होने के अलावा उपज को मंडी ले जाते और लौटते समय हुए हादसों को योजना में सूचीबद्ध किया गया है। दुर्घटना के बाद 90 दिन की समय सीमा में हितग्राही या उसके परिवार को तहसील या कृषि विभाग में आवेदन करना जरूरी है।
ये दस्तावेज हैं जरूरी
हितग्राहियों को योजना के तहत क्लेम करने के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जमीन के कागज या मजदूरी का प्रमाण, FIR या पंचनामा, अस्पताल का मेडिकल सर्टिफिकेट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ आवेदन करना होता है। यदि किसान की मृत्यु हुई है तो उसके वारिस को आवेदन करना होता है जबकि स्थायी या अस्थायी दिव्यांगता होने पर पीड़ित स्वयं आवेदन कर सकता है। क्लेम के बाद योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि पीड़ित किसान या उसके परिजन को बैंक खाते के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है।
ये भी पढ़ें…
मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत:मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से हर साल मिल रहे 12 हजार
मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत:मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से हर साल मिल रहे 12 हजार
मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना: भैंस खरीद पर 75% तक सब्सिडी, गांवों में बढ़ेगा रोजगार
नमो ड्रोन दीदी योजना:गांव की महिलाएं बनीं टेक पायलट, खेतों में भर रहीं उड़ान
